डिजिटल डेस्क, वेलिंगटन। टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन में खेला जा रहा है। तीसरे दिन रविवार को न्यूजीलैंड पहली पारी 348 रन पर सिमट गई। जबकि भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 165 रन बनाए थे। इस लिहाज से कीवी टीम ने भारत के खिलाफ 183 रन की बढ़त हासिल कर ली है। तीसरे दिन न्यूजीलैंड के काइल जैमिसन ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। इशांत शर्मा ने 5 विकेट लिए। भारत की दूसरी पारी में मयंक अग्रवाल और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं। पृथ्वी शॉ 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर उनका कैच टॉम लाथम ने लिया।
जैमिसन के अलावा न्यूजीलैंड की पहली पारी में कप्तान केन विलियम्सन ने सबसे ज्यादा 89, रॉस टेलर ने 44 और टॉम ब्लेंडल ने 30 रन की पारी खेली। वहीं, भारतीय टीम की ओर से इशांत के अलावा रविचंद्नन अश्विन ने 3, जबकि मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने 1-1 विकेट चटकाए।
न्यूजीलैंड की पहली पारी
तीसरे दिन के खेल की शुरुआत में कीवी टीम ने 5 पर 216 रन से आगे खेलना शुरू किया था। मैच शुरू होते ही दिन की पहली ही गेंद पर जस्प्रीत बुमराह ने बीजे वाटलिंग को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराकर भारत को छठवीं सफलता दिलाई। वाटलिंग ने 14 रन बनाए। इसके बाद टिम साउदी 6 रन बनाकर इशांत शर्मा की गेंद पर मोहम्मद शमी को कैच थमा बैठे। काइल जैमिसन ने 44 रन की तूफानी पारी खेली, इस दौरान उन्होंने 4 छक्के लगाए। जैमिसन को अश्विन ने पवैलियन भेजा। इसके बाद कॉलिन डी ग्रैंडहोम (43 रन) को भी अश्विन ने पंत के हाथों कैच आउट कराया। न्यूजीलैंड की पारी ईशांत शर्मा ने ट्रेंट बोल्ट का विकेट लेकर की। बोल्ट ने अंतिम विकेट के लिए पटेल के साथ 36 रन की साझेदारी की।
मैच में इशांत ने ही भारतीय टीम को शुरुआती 3 सफलता दिलाईं। उन्होंने पहले टॉम लाथम (11 रन) को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। फिर ब्लेंडल को क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद टेलर को चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद मोहम्मद शमी ने अपनी गेंद पर विलियम्सन को रविंद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। विलियम्सन ने टेलर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की थी।रविचंद्रन अश्विन ने हेनरी निकोल्स को 17 रन पर आउट किया। स्लिप में उनका कैच विराट कोहली ने लिया।
भारत ने पहली पारी में 165 रन बनाए
मैच के दूसरे दिन की शुरुआत में भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 122 रन से आगे खेलना शुरू किया था। टीम के लिए अजिंक्य रहाणे 46, मयंक अग्रवाल 34, मोहम्मद शमी 21 और ऋषभ पंत 19 रन ही बना सके। वहीं, न्यूजीलैंड के टिम साउदी और अपना पहला मैच खेल रहे काइल जैमिसन ने 4-4 विकेट हासिल किए। रहाणे ने अपनी 138 गेंदों की पारी में 5 चौके लगाए। शमी ने इशांत के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 22 रन की साझेदारी की थी।
मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले दिन बारिश से बाधित मैच में 55 ओवर का खेल ही हो सका था। मयंक अग्रवाल 34, पृथ्वी शॉ 16, चेतेश्वर पुजारा 11, विराट कोहली 2 और हनुमा विहारी 7 रन बनाकर आउट हुए थे।
दोनों टीमें:
भारत: पृथ्वी शॉ, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड: टॉम लाथम, टॉम ब्लेंडल, केन विलियम्सन (कप्तान), रॉस टेलर, हेनरी निकोल्स, बीजे वाटलिंग, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, काइली जैमिसन, टिम साउदी, एजाज पटेल और ट्रेंट बोल्ट।
.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/2ul7abs
.
No comments:
Post a Comment